समाचार
KURUKSHETRA महायज्ञ में गोलीकांड: ब्राह्मण घायल, पुलिस ने संभाला मोर्चा

कुरुक्षेत्र में शिव शक्ति महायज्ञ के दौरान गोलीकांड, ब्राह्मण घायल, पुलिस ने कराया मामला शांत
मेरावाला न्यूज, कुरुक्षेत्र: कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में चल रहे 102वें 1008 कुंडीय शिव शक्ति महायज्ञ में शनिवार सुबह गोलीबारी की घटना सामने आई। इस दौरान एक ब्राह्मण वेदपाठी गोली लगने से घायल हो गया। घायल को तुरंत लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
खाने की गुणवत्ता को लेकर हुआ विवाद

सूत्रों के अनुसार, महायज्ञ में शामिल वेदपाठियों ने यज्ञ सम्राट बाबा हरिओम पर घटिया भोजन परोसने का आरोप लगाया, जिससे नाराज होकर उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति उस समय बिगड़ गई जब बाबा हरिओम के निजी अंगरक्षक ने भीड़ को काबू में करने के लिए गोली चला दी, जिससे एक ब्राह्मण वेदपाठी घायल हो गया।
वेदपाठियों का उग्र प्रदर्शन, सड़क पर जाम
गोलीबारी के बाद वेदपाठियों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पंडाल में तोड़फोड़ शुरू कर दी और वहां लगे होर्डिंग-बैनर फाड़ दिए। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर उतरकर कुरुक्षेत्र-पिहोवा मार्ग को अवरुद्ध कर दिया। वे लाठियां और डंडे लहराते हुए बाबा हरिओम के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
पुलिस बल ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही तीन पुलिस उपाधीक्षकों के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने वेदपाठियों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी बाबा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। स्थिति बिगड़ते देख स्वामी हरिओम स्वयं यज्ञशाला पहुंचे और वेदपाठियों से क्षमा मांगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनके अंगरक्षक पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घायल वेदपाठी की हालत खतरे से बाहर

पुलिस अधीक्षक (एसपी) वरुण सिंगला ने बताया कि गोलीबारी में लखनऊ के 16 वर्षीय आशीष कुमार घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर है। वहीं, पथराव में उत्तर प्रदेश के प्रिंस नामक व्यक्ति भी घायल हुआ है।
एफआईआर दर्ज नहीं, जांच जारी
पुलिस ने बताया कि अब तक इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है, लेकिन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Pingback: पटना में महिला डॉक्टर की गोली मारकर हत्या, अपराधियों ने बरसाई गोलियां – पुलिस जांच में जुटी